स्टेशन रोड निर्माण को आदित्य नगाइच के प्रयासों से मिली रफ्तार
लंबे समय से जर्जर सड़क से परेशान लोगों को मिलेगी राहत, निर्माण कार्य शुरू
कालपी। नगर की प्रमुख एवं अति व्यस्त स्टेशन रोड के निर्माण को लेकर उठाई गई मांग आखिरकार रंग लाई। कांग्रेस नेता आदित्य नगाइच के लगातार प्रयासों और प्रशासनिक अधिकारियों से प्रभावी पैरवी के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इससे क्षेत्रवासियों और राहगीरों में खुशी का माहौल है।
स्टेशन रोड नगर की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में से एक मानी जाती है, जो बाजार, तहसील, कोतवाली मार्ग और रेलवे स्टेशन को जोड़ती है। लंबे समय से सड़क की हालत बेहद खराब थी। जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई सड़क के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही थी।
इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस नेता आदित्य नगाइच ने संबंधित अधिकारियों तथा जिला प्रशासन के समक्ष सड़क निर्माण की मांग को मजबूती से उठाया। उन्होंने जनहित को सर्वोपरि बताते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास किए। उनके प्रयासों के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य शुरू करा दिया। सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। लोगों ने कहा कि लंबे समय बाद इस मुख्य मार्ग की सुध ली गई है।

कांग्रेस नेता आदित्य नगाइच ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना उनका कर्तव्य है और विकास कार्यों को गति देने के लिए वह लगातार सक्रिय रहेंगे। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखने की बात कही ताकि जनता को भविष्य में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े ।