हाईवे कर्मचारी की ईमानदारी मिसाल बनी, राहगीर के ₹9180 लौटाए
कालपी में अतिक्रमण हटाने के दौरान मिले रुपये, टीम ने दिखाई जिम्मेदारी और मानवता
कालपी (जालौन)। कहते हैं ईमानदारी आज भी जिंदा है, और इसका जीता-जागता उदाहरण कालपी में देखने को मिला। शुक्रवार को हाईवे पर अतिक्रमण हटाने के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम के एक कर्मचारी ने अपनी ईमानदारी का परिचय देते हुए सड़क पर गिरे ₹9180 सकुशल उनके मालिक को वापस कर दिए।
जानकारी के अनुसार, दुर्गा मंदिर के पास कालपी निवासी मुन्ना राइन के ₹9180 कहीं रास्ते में गिर गए थे, जिसकी उन्हें भनक तक नहीं लगी। उसी दौरान हाईवे पर अतिक्रमण हटाने का कार्य चल रहा था, जहां टीम के सदस्य दीपांशु बाथम को यह रुपये मिले। उन्होंने बिना किसी लालच के पूरी ईमानदारी दिखाते हुए रुपये सही व्यक्ति तक पहुंचा दिए।
इस सराहनीय कार्य में टीम के अन्य सदस्य—सीआरओ उपेंद्र सिंह, अनिल कुमार, दिनेश प्रताप सिंह, श्रीप्रकाश, दरोगा अरविंद कुमार एवं दरोगा पुत्तूलाल भी मौके पर मौजूद रहे।

रुपये वापस मिलने पर मुन्ना राइन ने पूरी टीम का आभार जताते हुए कहा कि आज के समय में इस तरह की ईमानदारी दुर्लभ है। उन्होंने विशेष रूप से दीपांशु बाथम की प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
इस घटना ने यह साबित कर दिया कि सरकारी तंत्र में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं, जो अपने कर्तव्यों के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी प्राथमिकता देते हैं।