किसानों को शीघ्र मिले फसल बीमा,कर्ज माफी हो,भाकियू ने तीन सूत्रीय ज्ञापन एडीओ को सौंपा
कालपी जालौन । विकास खण्ड सभागार में गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता किसान नेता सुरेन्द्र पाल सिंह ने की। बैठक के बाद पदाधिकारियों ने तीन सूत्रीय मांग पत्र एडीओ को सौंप कर निस्तारण की मांग की।
ब्लॉक अध्यक्ष देवकरण सिंह चौहान ने कहा कि बेमौसम हुई बारिश व ओलावृष्टि,आंधी,तूफान से 20,27 मार्च व 7 अप्रैल को किसानों की 80 फीसदी से अधिक फसलों को नुकसान हुआ है। फसल बर्बाद होने से किसान भुखमरी की कगार में पहुंच गया है। दैवीय आपदा कोष एवं फसल बीमा कंपनी द्वारा किसानों को शत प्रतिशत क्लेम की धनराशि शीघ्र उनके खाते में डलवाई जाए। किसानों का कर्ज माफ किया जाए,ताकि किसान अपने परिवार का भरण पोषण कर सकें। जिन गांवों में सेटेलाइट का हवाला देकर किसानों की फसलों का सर्वे हुआ है उसे कैंसिल न किया जाए।
बैठक के बाद पदाधिकारियों ने एडीओ द्वारिका गुप्ता को ज्ञापन सौंप कर निस्तारण कराने की मांग की। इस मौके पर जयराम कुशवाहा,दिनेश सिंह,रामकृपाल,सुधीर सिंह,सुनील दुबे, हसीब खान,सुखराम, धनीराम, श्याम बाबू,फूल सिंह,मातादीन सहित काफी संख्या में किसान नेता मौजूद रहे।
