बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान, भाकियू ने SDM को सौंपा ज्ञापन
मुआवजा व फसल बीमा की मांग तेज, किसानों को जल्द राहत का आश्वासन
कालपी— क्षेत्र में लगातार बदलते मौसम और बेमौसम बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान होने पर किसानों की चिंता बढ़ गई है। इसी मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने सक्रिय रुख अपनाते हुए मंगलवार को तहसील स्तर पर आवाज बुलंद की।
भाकियू के तहसील अध्यक्ष अजय सिंह उर्फ राजू मलथुआ के नेतृत्व में किसान नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल उपजिलाधिकारी (SDM) मनोज कुमार सिंह से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि पिछले करीब दो सप्ताह से मौसम लगातार खराब बना हुआ है। रुक-रुक कर हो रही बारिश और ओलावृष्टि के कारण गेहूं समेत अन्य फसलें खेतों में ही बर्बाद हो रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस स्थिति में किसान खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
किसान नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए और जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, उन्हें बीमा का लाभ भी दिलाया जाए। किसान नेता अजयपाल सिंह ने यह भी बताया कि पूर्व में खरीफ सीजन के दौरान कोटा बैराज से छोड़े गए पानी के कारण आई बाढ़ से भी किसानों को नुकसान हुआ था, लेकिन उस समय भी उन्हें कोई ठोस सहायता नहीं मिल सकी।
इस दौरान महेश यादव, जगराम कुशवाहा, बालेन्दु सिंह, शिव सिंह मेहवा, अनुराग पांडेय सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।
वहीं, उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान को लेकर शासन गंभीर है। संबंधित विभागों द्वारा आकलन कराया जा रहा है और जल्द ही प्रभावित किसानों के लिए राहत पैकेज घोषित होने की संभावना है।