uncategorized

भाजपा का 47वां स्थापना दिवस उत्साह से मनाया, कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्र सशक्त बनाने का संकल्प

 

दो सांसदों से शुरू हुआ सफर, आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी—नेताओं ने गिनाईं उपलब्धियां

कालपी (जालौन)।

सोमवार को भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस नगर में बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पार्टी के सिद्धांतों पर चलते हुए राष्ट्र को सशक्त और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन की अगुवाई में तिवारी मार्केट में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पार्टी के गौरवशाली इतिहास और संघर्षपूर्ण सफर को याद किया।

बताया गया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा 1952 में जनसंघ की स्थापना की गई थी, जिसके बाद अटल बिहारी वाजपेयी ने 6 अप्रैल 1980 को भाजपा का गठन किया और वे इसके पहले अध्यक्ष बने। आज 47 वर्षों के सफर के बाद भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।

इस अवसर पर नरेंद्र सिंह जादौन ने कहा कि पार्टी ने अपने शुरुआती चुनाव में मात्र दो सांसदों से शुरुआत की थी, लेकिन उसने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उसी का परिणाम है कि आज यह दल देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुका है।

उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री बने, लेकिन सिद्धांतों से कभी नहीं डिगे। आज पार्टी उन्हीं आदर्शों पर चलकर देश के अधिकांश राज्यों में अपनी सरकार स्थापित कर चुकी है।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अमित पाण्डेय ने कहा कि 47 वर्षों के इस सफर में अनगिनत कार्यकर्ताओं का बलिदान शामिल है, जिसे हमेशा याद रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पण से ही पार्टी अपने मिशन में निरंतर आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *