सीएचसी कालपी को मिले आधुनिक चिकित्सा उपकरण, मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा
कालपी (जालौन)। क्षेत्र के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी में अब स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर होंगी। एनएचआईटी ईस्टर्न प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत सीएचसी को विभिन्न आवश्यक आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए हैं। यह सहयोग उरई-बारा रोड सेक्शन (एनएच-27) के सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम के तहत किया गया।

नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनहितकारी प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी तथा मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
प्रोजेक्ट हेड उत्तम सिंह, एनएचआईटी के प्रबंधक इंगलेश शर्मा तथा आटा टोल मैनेजर अंकैश कुमार द्वारा सीएचसी कालपी को कुल सात प्रकार के आवश्यक चिकित्सा उपकरण प्रदान किए गए। इनमें दो सेमी फाउलर बेड (आईवी अटैचमेंट सहित), दो फोल्डिंग व्हीलचेयर, एक स्ट्रेचर ट्रॉली, एक गायनो टेबल, दो स्टेनलेस स्टील आईवी स्टैंड, एक कुशनयुक्त रिवॉल्विंग स्टूल तथा दो बेड मैट्रेस शामिल हैं।
उपकरणों को सीएचसी कालपी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश बरदिया को विधिवत रूप से सौंपा गया। इस अवसर पर पवनदीप निषाद प्रधान, डॉ. शेख, डॉ. विशाल सचान, डॉ. हरिचरण, इरफान अहमद, अरविंद मिश्रा, अंकित, अभिषेक पाराशर सहित पूरी टीम उपस्थित रही।
इस सहयोग से सीएचसी कालपी में मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों की अपेक्षा जताई।