जोल्हूपुर के पास जंगल में भीषण आग, एसडीएम व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
सीओ कालपी व कोतवाली प्रभारी ने संभाली कमान, फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुटी
कालपी (जालौन): सोमवार को जोल्हूपुर क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित वन विभाग के जंगल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग सूखी झाड़ियों और पेड़ों में तेजी से फैलने लगी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कालपी कोतवाली का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। उप जिलाधिकारी मनोज कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं, क्षेत्राधिकारी (सीओ) कालपी अवधेश कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाली।
वन विभाग की टीम के साथ पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। तेज हवा और सूखी घास-फूस के कारण आग कुछ समय तक तेजी से फैलती रही, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रही।
हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है। आग जिस स्थान पर लगी है, वहां आसपास कोई गांव या बस्ती नहीं है, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। प्रशासन द्वारा आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।