uncategorized

बकरीद और जेठ दशहरा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर

त्योहार में माहौल बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, सुरक्षा में नहीं होगी कोई कोताही

कालपी, जालौन, 23 मई।

बकरीद एवं जेठ दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं परंपरागत तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कोतवाली कालपी के अतिथि गृह में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने की, जिसमें क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, नगर पालिका, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं नगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक में उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि सभी लोग पूर्व की भांति अपने-अपने त्योहार शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। उन्होंने बकरीद के अवसर पर कुर्बानी अपने घरों में करने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही निर्देश दिए कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों को नगर पालिका की कूड़ा गाड़ी में डालकर स्वच्छता बनाए रखें।

क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि सभी लोग कानून के दायरे में रहकर त्योहार मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा। वहीं प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी।

बैठक में मौजूद व्यापारियों एवं गणमान्य लोगों ने बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति की मांग उठाई, जिस पर उप जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्योहारों के दौरान सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

इस मौके पर अधिशाषी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ल, अतिरिक्त इंस्पेक्टर अवनीश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, विद्युत विभाग के अवर अभियंता, विभिन्न चौकी प्रभारी, व्यापार मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पीस कमेटी की बैठक लगभग दो घंटे तक चली, जिसमें त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *