कालपी में अधिवक्ता एसोसिएशन का चुनाव 8 मई को निर्धारित
कालपी (जालौन)। अधिवक्ता एसोसिएशन कालपी के वर्ष 2026 के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एल्डर्स कमेटी ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि आगामी 8 मई को मतदान कराया जाएगा, जिसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष बृज नारायण तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है, जिसमें कुल 126 अधिवक्ता शामिल हैं। चुनाव के अंतर्गत अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री सहित वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्यों के पदों पर मतदान होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रत्याशी 28 और 29 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 30 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 1 मई को नाम वापसी का दिन तय किया गया है। मतदान 8 मई को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा और इसके तुरंत बाद ढाई बजे से मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
निर्वाचन अधिकारी जयवीर सिंह यादव ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। वहीं एल्डर्स कमेटी के सदस्य अनिल पुरवार, राधेश्याम गुप्ता, हरे कृष्णा पाठक और सैयद इकबाल हुसैन चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
चुनाव की तिथि घोषित होते ही अधिवक्ताओं के बीच हलचल बढ़ गई है और संभावित प्रत्याशियों ने भी सक्रियता बढ़ा दी है।