uncategorized

सरकारी योजनाओं से कालपी के कागज उद्योग को मिली नई गति

उद्यमी सम्मेलन में उद्योग विस्तार, रोजगार और वित्तीय सहायता पर हुआ मंथन

कालपी। नगर के बुंदेलखंड गेस्ट हाउस में उत्तर प्रदेश हाथ कागज निर्माता समिति के तत्वावधान में उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार तिवारी ने की। सम्मेलन में उद्योग विकास, सरकारी योजनाओं तथा स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि जिला उद्योग केंद्र के सहायक उपायुक्त हेमंत कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देने तथा नए उद्योगों की स्थापना के लिए अनेक वित्तीय योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेकर स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया।

समिति अध्यक्ष नरेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के 8 वर्ष के कार्यकाल में उद्योगों को मिली वित्तीय सहायता और 25 प्रतिशत तक के अनुदान से कालपी के हस्तनिर्मित कागज उद्योग को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उद्योग हितैषी नीतियों के कारण स्थानीय उद्योगों को नई मजबूती और प्रोत्साहन प्राप्त हुआ है।

जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक शरद सिंह, उद्यम मित्र आर.पी. गुप्ता तथा आईटीआई कालपी के प्रधानाचार्य श्रवण शुक्ला ने कहा कि कालपी का हस्तनिर्मित कागज उद्योग आज भी देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। इसी महत्व को देखते हुए प्रदेश सरकार ने इसे ओडीओपी योजना में शामिल कर विभिन्न प्रकार की सुविधाएं एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराए हैं।

व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं कागज उद्योग के वरिष्ठ पदाधिकारी रविंद्र नाथ गुप्ता ने उद्योग से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखते हुए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में आयु सीमा 40 वर्ष से बढ़ाकर 45 वर्ष तथा ऋण सीमा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किए जाने की मांग की। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं एवं मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सम्मेलन में भोला शर्मा, हाजी सलीम, राजू पतारा, दिनेश गुप्ता, सुएब हाशमी, विनीत गुप्ता, गगन गुप्ता, नेता जी तथा संजय निगम सहित अनेक उद्यमियों ने उद्योग के विकास, विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान आईटीआई कालपी एवं उरई के छात्रों ने हस्तनिर्मित कागज निर्माण इकाई का भ्रमण कर कागज निर्माण की प्रक्रिया को नजदीक से देखा और समझा। छात्रों ने कहा कि हैंडमेड पेपर का निर्माण अत्यंत कौशलपूर्ण और रोचक प्रक्रिया है, जिसे मशीनों द्वारा पूरी तरह प्रतिस्थापित नहीं किया जा सकता।

अंत में कार्यक्रम संयोजक हाजी सलीम एवं भोलानाथ शर्मा ने सभी अतिथियों, उद्यमियों तथा छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *