जोल्हूपुर चौराहे को जाम से मिलेगी राहत, एनएचएआई ने ओवरब्रिज का बनाया प्लान
छह लेन परियोजना को मिली रफ्तार, टेंडर प्रक्रिया पूरी—जल्द शुरू हो सकता है निर्माण कार्य
कालपी (जालौन): जोल्हूपुर चौराहे पर लगने वाले भीषण जाम से अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने छह लेन परियोजना के तहत यहां ओवरब्रिज निर्माण की योजना तैयार कर ली है, जिस पर शीघ्र कार्य शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए एनएचएआई द्वारा हाईवे के चौड़ीकरण और छह लेन परियोजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इसके तहत प्राधिकरण ने अधिग्रहित भूमि से अस्थायी कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि स्थायी कब्जेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। हाईवे के रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रही कंपनी एनएचआईटी ने नगर सीमा में मध्य सड़क से लगभग साढ़े बाईस मीटर तक के स्थायी कब्जे भी हटवा दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, हमीरपुर रोड से आने वाले भारी वाहनों के कारण जोल्हूपुर चौराहे पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। खासतौर पर कदौरा क्षेत्र से आने वाले बालू से लदे ट्रकों के चलते यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए एनएचएआई ने यहां ओवरब्रिज निर्माण की योजना तैयार की है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
परियोजना प्रबंधक उत्तम सिंह ने जोल्हूपुर क्षेत्र में ओवरब्रिज बनाए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि यह ओवरब्रिज छौंक गांव के आसपास से शुरू होकर मोतीनगर तक प्रस्तावित है। हालांकि इसकी कुल लंबाई को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों में इस योजना को लेकर खुशी का माहौल है। जोल्हूपुर गांव के प्रधान प्रतिनिधि भूपेंद्र सिंह सेंगर, गेस्टहाउस संचालक गंगाराम प्रनामी और रामकुमार तिवारी सहित अन्य लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज बनने से जाम की समस्या से निजात मिलेगी और यातायात सुचारू हो सकेगा। इससे आमजन के साथ-साथ प्रशासन को भी बड़ी राहत मिलेगी।