uncategorized

कालपी में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ा असंतोष, महाकैम्प में 22 शिकायतें दर्ज

 

प्रीपेड सिस्टम से परेशान उपभोक्ता, बिजली विभाग ने कैम्प लगाकर किया समाधान व जागरूक

कालपी (जालौन) शुक्रवार 17 अप्रैल 2026 को कालपी स्थित बिजली घर व विद्युत उपखंड कार्यालय में स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं के निस्तारण एवं जागरूकता के लिए महाकैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे, जहां कुल 22 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें ज्यादातर शिकायतें प्रीपेड स्मार्ट मीटर से जुड़ी रहीं।

ज्ञात हो कि 13 मार्च से नगर में लगे सभी स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड प्रणाली में परिवर्तित कर दिया गया है। इस व्यवस्था के तहत बैलेंस समाप्त होते ही बिजली आपूर्ति स्वतः बाधित हो जाती है और पुनः चालू कराने के लिए उपभोक्ताओं को बकाया के साथ अग्रिम रिचार्ज कराना पड़ता है।

इसी को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि उनके मीटर में यूनिट खपत के मुकाबले अधिक धनराशि कट रही है और रिचार्ज अपेक्षा से जल्दी समाप्त हो रहा है। उन्होंने इसे विभागीय उत्पीड़न तक बताया और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।

कैम्प के दौरान उपखंड अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह सचान ने उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, बिलिंग सिस्टम एवं रिचार्ज प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए विभाग के टोल-फ्री नंबर व मोबाइल ऐप का उपयोग करें।

अवर अभियंता सत्यप्रकाश गौतम ने भी उपभोक्ताओं को समझाते हुए बताया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर की तकनीकी व्यवस्था कंपनी द्वारा संचालित होती है। बैलेंस समाप्त होने पर ही आपूर्ति कटती है, इसलिए उपभोक्ता अपने मीटर में पर्याप्त अग्रिम बैलेंस बनाए रखें।

महाकैम्प में उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया, जिसमें स्मार्ट मीटर में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बदलना, नॉन एमयू (CDF, IDF, RDF) केसों को सही करना, ‘DC but not paid’ प्रकरणों का समाधान व राजस्व वसूली, बिल न बनने या CCB पर डेटा फीड न होने जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं।

इस दौरान विद्युत विभाग के जेई सत्यप्रकाश गौतम, उपखंड अधिकारी धर्मेन्द्र सचान, नवीन सचान (जेई महेवा), टीजी-2 विनोद कुमार, असिस्टेंट जेई अभिषेक, रिंकू, दिलीप जाटव, अखिलेश शुक्ला, सादिक, फहमीत, सुनील, लल्लन, प्रशांत धीर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को जागरूक करते हुए बताया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से सभी जानकारियां पारदर्शी रूप से उपलब्ध रहती हैं और उपभोक्ता मोबाइल ऐप व लिंक के जरिए अपनी खपत, बैलेंस और बिल की जानकारी कभी भी देख सकते हैं। विभाग ने भविष्य में भी ऐसे कैम्प आयोजित कर समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *