एसडीएम का औचक निरीक्षण, कालपी के गेहूं क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
किसानों से संवाद कर दिए निर्देश, समय पर भुगतान और सुविधाओं पर जोर
कालपी (जालौन): उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने कालपी क्षेत्र में संचालित राजकीय गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर पहुंचे किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।

एसडीएम ने कृषि उत्पादन मंडी समिति कालपी स्थित विपणन शाखा के सरकारी गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारी रुचिका ओमर ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र पर वर्तमान में तीन गांठ बारदाना (करीब 1500 बोरी) उपलब्ध है। मंगलवार को 85 कुंतल गेहूं की खरीद की गई, जबकि अब तक कुल 2858 कुंतल गेहूं की खरीद हो चुकी है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गल्ला मंडी कालपी में स्थापित अन्य गेहूं क्रय केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने मशीनों के संचालन, तौल व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र पर मशीनें सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं और किसानों का भुगतान नियमानुसार समय से किया जा रहा है।
एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि गेहूं बेचने आने वाले किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए और क्रय प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित हो।