लखनऊ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में कालपी बार एसोसिएशन का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
पुलिस कार्रवाई के खिलाफ अधिवक्ताओं ने की नारेबाजी, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
कालपी/जालौन। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को कालपी बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी कालपी को सौंपा।

ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि लखनऊ में अधिवक्ता साथियों पर किया गया पुलिस लाठीचार्ज निंदनीय है और इससे अधिवक्ता समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने इस घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ अविलंब सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।
अधिवक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात रखने वाले अधिवक्ताओं पर बल प्रयोग करना अनुचित है। इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था और न्याय व्यवस्था दोनों के लिए चिंताजनक हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
तहसील कालपी में आयोजित विरोध प्रदर्शन के बाद राज्यपाल महोदय के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी मनोज कुमार को सौंपा गया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस कार्रवाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन कालपी के उपाध्यक्ष देवेंद्र श्रीवास्तव के साथ रविंद्र श्रीवास्तव, वरुण सिंह, रामकुमार तिवारी, रवि तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।