विपणन विभाग ने खरीदा 8604 कुंटल गेहूं, किसानों के खातों में भेजा जा रहा भुगतान
गेहूं खरीद केंद्र पर किसानों को मिल रही सुविधाएं, उठान धीमी होने से केंद्र में डंप पड़ा अनाज
कालपी/जालौन, 12 मई। कृषि उत्पादन मंडी समिति के नीलामी चबूतरा में स्थापित विपणन विभाग के गेहूं खरीद केंद्र पर इस वर्ष भी बड़े स्तर पर खरीद कार्य जारी है। मंगलवार को विपणन क्षेत्रीय अधिकारी रुचिता ओमर ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन, जिलाधिकारी एवं विभागीय अधिकारियों के निर्देशानुसार 30 मार्च 2026 से गेहूं खरीद केंद्र का संचालन किया जा रहा है। केंद्र पर आने वाले किसानों से नियमों के तहत गेहूं की खरीद की जा रही है तथा उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक केंद्र पर 8604 कुंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जिसका भुगतान किसानों के बैंक खातों में 2605 रुपये प्रति कुंटल की दर से भेजा जा रहा है। केंद्र पर प्रतिदिन नंबर के आधार पर किसानों के गेहूं की तुलाई पल्लेदारों द्वारा कराई जा रही है। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर केंद्र का निरीक्षण भी किया जा रहा है।
रुचिता ओमर ने बताया कि केंद्र पर गेहूं खरीद के लिए पर्याप्त मात्रा में बोरियां उपलब्ध हैं, लेकिन उठान की प्रक्रिया धीमी होने के कारण हजारों कुंटल गेहूं केंद्र पर डंप पड़ा हुआ है। जैसे-जैसे उठान होता है, वैसे-वैसे खरीद के लिए स्थान खाली होता जाता है, जिससे किसानों को सुविधा मिलती है। उन्होंने कहा कि केंद्र पर आने वाले किसानों का गेहूं खरीदना उनकी पहली प्राथमिकता है तथा भुगतान भी शीघ्र खातों में भेजा जा रहा है। किसानों से सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी किसान को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
इसी क्रम में मंडी स्थित पीसीएफ केंद्र प्रभारी धनीराम कुशवाहा ने बताया कि उनके केंद्र पर खरीद शुरू होने के बाद से अब तक 4200 कुंटल गेहूं खरीदा जा चुका है, जिसका भुगतान भी किसानों के खातों में 2605 रुपये प्रति कुंटल की दर से भेजा जा रहा है।