प्रेम प्रसंग में युवक ने खाया सल्फास, इलाज के दौरान मौत से परिवार में मचा कोहराम
देहरादून की महिला से प्रेम संबंध बने युवक की मौत, मोबाइल पर बातचीत के बाद उठाया आत्मघाती कदम
कालपी/जालौन, 18 मई।
नगर के सदर बाजार मोहल्ले में प्रेम प्रसंग के चलते एक 35 वर्षीय युवक द्वारा विषाक्त पदार्थ सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक परिवार का इकलौता बेटा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर बाजार निवासी जयकिशन गुप्ता पुत्र स्वर्गीय सुशील कुमार गुप्ता का परिचय मोबाइल के माध्यम से उत्तराखंड के देहरादून निवासी एक महिला से हुआ था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध स्थापित हो गए। बताया जाता है कि कुछ माह पूर्व महिला अपने आठ वर्षीय पुत्र के साथ कालपी आकर जयकिशन के साथ रहने लगी थी।
इसी बीच महिला के पति ने देहरादून में पत्नी और पुत्र के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन कालपी में मिलने पर उत्तराखंड पुलिस ने 6 अप्रैल 2026 की रात कालपी पुलिस के सहयोग से सदर बाजार स्थित मकान में छापेमारी कर महिला व उसके पुत्र को बरामद कर लिया था। उस दौरान जयकिशन को भी हिरासत में लिया गया था, हालांकि पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया था।
सूत्रों के अनुसार घटना के बाद भी दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत जारी रही तथा जयकिशन का देहरादून आना-जाना भी लगा रहा। रविवार रात प्रेमिका से मोबाइल पर बातचीत के बाद जयकिशन ने कथित रूप से सल्फास खा लिया। हालत बिगड़ने पर मोहल्ले के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर महमूदपुरा चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह चंदेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।