अपराध पर सख्ती, लंबित शिकायतों पर जताई नाराजगी
प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस स्टाफ की बैठक लेकर दिए कड़े निर्देश, बोले- जिम्मेदारी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
कालपी/जालौन। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशों के अनुपालन को लेकर गुरुवार को कोतवाली कालपी के अतिथि गृह में प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी की अध्यक्षता में पुलिस स्टाफ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मौजूद पुलिस कर्मियों को कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने सभी हल्का इंचार्जों एवं चौकी प्रभारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन क्षेत्रों में अपराध की घटनाएं होंगी, वहां के संबंधित प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के बीच बेहतर व्यवहार रखते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक ने महिला पटल, आईजीआरएस, सर्विलांस पटल, तहसील दिवस, थाना दिवस तथा अधिकारियों द्वारा भेजे गए प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की। जांच के दौरान कई शिकायतें लंबित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर जांच आख्या संबंधित पटल पर भेजने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विवेचनाओं में वांछित चल रहे अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी कर लंबित विवेचनाओं का निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस कर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहें और अमन-शांति बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही थाने आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त कानून इंस्पेक्टर अवनीश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, महमूदपुरा चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह चंदेल, रामगंज चौकी प्रभारी विशाल भड़ाना, ज्ञान भारती चौकी प्रभारी विपिन यादव, उप निरीक्षक उपेंद्र शुक्ला, उप निरीक्षक शैलेश कुमार, उप निरीक्षक ओंकार सिंह, उप निरीक्षक इंद्रमणि चौधरी, दीवान लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, कार्यालय लेखाकार राम सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेंद्र सिंह, महिला सिपाही विनीता, कंप्यूटर ऑपरेटर अंकित वर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर दीपेंद्र मिश्रा, मुंशी वीरेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।