प्रभारी अधिकारी की गैरमौजूदगी में निपटा समाधान दिवस
फरियादियों की शिकायतें सुन अधिकारियों ने दिया शीघ्र निस्तारण का आश्वासन
कालपी (जालौन), 9 मई।
कोतवाली कालपी परिसर स्थित अतिथि गृह में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस प्रभारी अधिकारी की गैरमौजूदगी के चलते चर्चा का विषय बना रहा। शासन द्वारा जनता की भूमि एवं राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को थाना स्तर पर समाधान दिवस आयोजित किए जाते हैं, जिसमें पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से शिकायतों का समाधान करते हैं।

शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में महेवा खंड विकास अधिकारी अरुण सिंह को नामित किया गया था, लेकिन उनके न पहुंचने से फरियादी परेशान नजर आए। इसके बाद अतिरिक्त कानून इंस्पेक्टर अवनीश कुमार ने समाधान दिवस की कमान संभालते हुए फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस में ग्राम मंगरोल निवासी मइयादीन पुत्र कामता प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके मकान के ऊपर से निकली विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिससे घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित ने प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। वहीं ग्राम पंचायत जोल्हूपुर मजरा मोतीनगर निवासी पप्पू उर्फ भैरो पुत्र रामाधार ने आरोप लगाया कि वह अपने बैनामा शुदा प्लॉट पर निर्माण कार्य करा रहे थे, लेकिन विपक्षी मुंशी सिंह ने अवैध तरीके से निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराए जाने की मांग उठाई।
समाधान दिवस में कुल दो शिकायतें दर्ज की गईं। मौके पर वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश सिंह, उप निरीक्षक रामजीलाल, राजस्व निरीक्षक कुंवर हरेंद्र सिंह, सदर लेखपाल जितेंद्र सिंह, लेखपाल जितेंद्र सिंह राजपूत, पल्लवी श्रीवास्तव, राहुल कुमार, आकाश, राघवेंद्र, राजकमल, योगेश यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं उपस्थित फरियादियों और राजस्व कर्मियों में इस बात को लेकर भी चर्चा रही कि महेवा के खंड विकास अधिकारी पूर्व में भी कई समाधान दिवसों में अनुपस्थित रहे हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मामले में बीडीओ महेवा से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।