ओवरलोड ट्राला पलटने से मदारीपुर-कालपी मार्ग चार घंटे रहा जाम
पुलिस की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल, भारी वाहनों की लगी लंबी कतार
न्यामतपुर/जालौन। थाना सिरसा कलार थाना क्षेत्र के मदारीपुर-कालपी रोड पर सोमवार सुबह एक ओवरलोड ट्राला पलट जाने से लगभग चार घंटे तक भीषण जाम की स्थिति बनी रही। सड़क पर दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई, जबकि दोपहिया वाहन चालक खेतों के रास्ते निकलते रहे। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे ट्राला संख्या यूपी 79 एटी

3279, जिसमें रेता भरा हुआ था, मदारीपुर-कालपी मार्ग से गुजर रहा था। बताया गया कि ट्राला अत्यधिक ओवरलोड था। जैसे ही वह अभैदेपुर गांव के पास स्थित बृजकिशोर विष्णु कुमार महाविद्यालय के निकट पहुंचा, तभी अचानक उसका टायर फट गया। टायर फटते ही चालक संतुलन खो बैठा और ट्राला सड़क पर पलट गया।
इसी दौरान मदारीपुर की ओर से आ रहा दूसरा डाला संख्या यूपी 92 एटी 7545, जिसमें बालू भरी थी, पलटे ट्राले के किनारे से निकलने का प्रयास करने लगा, लेकिन वह भी सड़क किनारे फंस गया। इससे पूरा मार्ग अवरुद्ध हो गया और भारी जाम लग गया।
करीब 11 बजे दो बड़ी क्रेनों को बुलाकर दोनों ट्रालों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। स्थानीय लोगों के अनुसार न्यामतपुर चौकी घटनास्थल से मात्र दो किलोमीटर तथा थाना सिरसा कलार करीब दस किलोमीटर दूर होने के बावजूद पुलिस का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चार घंटे तक जाम लगा रहा, लेकिन पुलिस द्वारा यातायात सुचारु कराने का कोई प्रयास नहीं किया गया। लोगों ने मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।