ससुराल पहुंची विवाहिता को घर में नहीं मिला प्रवेश, बाहर बैठी रही बहू
मारपीट व उत्पीड़न का आरोप, 112 पुलिस पहुंची फिर भी नहीं खुला दरवाजा
कालपी/जालौन। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आलमपुर में एक विवाहिता को उसके ससुराल पक्ष द्वारा घर में प्रवेश न देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने जेठ पर मारपीट और लगातार उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद मोहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई तथा सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद घर का दरवाजा नहीं खोला गया।

मोहल्ला आलमपुर निवासी गीता पत्नी अनमोल सोनी ने बताया कि बीते माह उसके जेठ ओम ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह अपने मायके चली गई थी। महिला के अनुसार करीब एक माह बाद जब वह अपने ससुराल वापस लौटी तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया और घर पर बाहर से ताला लगा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि उसका करीब एक साल का बच्चा है और उसका जेठ आए दिन उसके साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार करता है। महिला ने बताया कि वह लगभग 24 घंटे तक दरवाजे के बाहर बैठी रही और लगातार आवाज लगाने के बावजूद अंदर मौजूद ससुराल पक्ष के लोगों ने दरवाजा नहीं खोला।
घटना की सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पीड़िता अपनी मां के साथ वहां से चली गई। मामले को लेकर पीड़िता ने प्रशासन से न्याय दिलाने और उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वहीं प्रभारी कोतवाल अवनीश कुमार ने बताया कि मामले में अभी कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। 112 की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष द्वारा दरवाजा नहीं खोला गया। उन्होंने कहा कि यदि तहरीर मिलती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।