uncategorized

शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई : एसडीएम

 

संपूर्ण तहसील दिवस में 21 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, आधा दर्जन शिकायतों का मौके पर निस्तारण

कालपी/जालौन। शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण तहसील दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनने के लिए अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई। तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों का समय से समाधान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

तहसील दिवस में कुल 21 फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और निस्तारण की मांग की। इनमें से लगभग आधा दर्जन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने कहा कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों की मॉनिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री स्तर से ऑनलाइन माध्यम द्वारा की जाती है, इसलिए सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तय समय सीमा में जांच आख्या सहित निस्तारण रिपोर्ट तहसील पटल पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गैर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं तहसीलदार अभिनव तिवारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे आज ही तहसील पटल से प्राप्त शिकायतों को लेकर समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।

तहसील दिवस के दौरान क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता धर्मेंद्र सिंह, जल संस्थान के अवर अभियंता वाशिद अली, पालिका अधिशाषी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ल, एडीओ पंचायत द्वारका प्रसाद गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक प्रफुल्ल मिश्रा, नगर शिक्षा अधिकारी रंगनाथ चौधरी, कोतवाली कालपी के प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *