uncategorized

किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संगठन ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 

भीषण गर्मी में नहरें फुल गेज चलाने व 15 घंटे बिजली आपूर्ति की उठाई मांग

 

कालपी/जालौन। भारतीय किसान संगठन के तहसील अध्यक्ष अजय पाल सिंह ने अपने किसान साथियों के साथ बुधवार को तहसील कालपी पहुंचकर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा तथा शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।

ज्ञापन में संगठन की ओर से कहा गया कि भीषण गर्मी के चलते नहरों को फुल गेज चलाकर गांवों के तालाब भरवाए जाएं, जिससे आवारा पशु एवं पक्षी पानी पीकर अपनी प्यास बुझा सकें। इसके साथ ही किसानों ने क्षेत्र की खराब विद्युत व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सिंचाई के लिए नलकूपों को प्रतिदिन 15 घंटे विद्युत आपूर्ति दिए जाने की मांग की।

किसानों ने यह भी बताया कि खेतों से गुजर रही विद्युत लाइनें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे खेतों की जुताई के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है। ज्ञापन में जर्जर विद्युत पोल एवं तारों को शीघ्र बदलवाने की मांग भी की गई।

ज्ञापन सौंपने से पूर्व किसान संगठन की बैठक सत्येंद्र सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें किसानों से जुड़ी कई समस्याओं पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए। उपस्थित सदस्यों ने सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की।

इस दौरान चंद्रपाल गुर्जर, जय राम कुशवाहा, महेश पाल, श्यामू पाल, लालाराम, सुरेंद्र पाल सिंह, राजा सिंह, कौशल अवस्थी, श्रीराम कुशवाहा, दिनेश, बुद्ध सिंह, जौनी मास्टर, नरेंद्र सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *