सीओ ने किया कोतवाली कालपी का त्रैमासिक निरीक्षण, अभिलेख व सफाई व्यवस्था की सराहना
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और अपराध नियंत्रण को लेकर सीओ ने दिए कड़े निर्देश
कालपी/जालौन। पुलिस उपाधीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने सोमवार को कोतवाली कालपी का त्रैमासिक निरीक्षण कर कार्यालयी अभिलेखों, सफाई व्यवस्था तथा शस्त्र रखरखाव का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने पुलिस स्टाफ की सराहना की, जबकि अभिलेखों में मिली छोटी कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने पुलिस बल के साथ सीओ का स्वागत किया। इसके बाद सीओ ने कोतवाली परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई की स्थिति देखी, जो संतोषजनक पाई गई। कार्यालय पहुंचकर उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, आईजीआरएस पटल, थाना दिवस एवं तहसील दिवस से संबंधित शिकायत पत्रों का गहन निरीक्षण किया। लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण तथा विवेचनाओं को गंभीरता से लेते हुए वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
कार्यालय में मौजूद कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेंद्र सिंह, मुंशी विनीता तथा वीरेंद्र सिंह से पूछताछ कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। सही उत्तर मिलने पर सीओ ने उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं शस्त्रों की सफाई एवं रखरखाव को लेकर दीवान लक्ष्मीकांत त्रिपाठी की सराहना की।
महिला पटल की समीक्षा के दौरान महिला उत्पीड़न संबंधी कोई भी शिकायत लंबित न पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया गया। सीओ ने हल्का प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने तथा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अमन-चैन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में होने वाली किसी भी आपराधिक घटना के लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होगा और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान अतिरिक्त कानूनगो इंस्पेक्टर अवनीश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, राजेश सिंह, चौकी प्रभारी विशाल भड़ाना, विपिन यादव सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।