मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मिले विधायक विनोद चतुर्वेदी, व्यास मंदिर व सूर्य मंदिर विकास पर हुई चर्चा
कालपी को पर्यटन नगरी बनाने की दिशा में बड़ी पहल
कालपी/जालौन। बुधवार को लखनऊ में कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर कालपी नगर के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष कालपी नगर को पर्यटन स्थल घोषित किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

विधायक विनोद चतुर्वेदी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष कालपी के ऐतिहासिक महत्व, धार्मिक विरासत और यहां मौजूद प्राचीन मंदिरों के संरक्षण एवं विकास का विषय रखा। विशेष रूप से व्यास मंदिर एवं सूर्य मंदिर के विस्तार, सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने कहा कि कालपी नगर सदियों पुरानी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहरों को अपने भीतर समेटे हुए है, लेकिन अपेक्षित विकास न होने के कारण इसे वह पहचान नहीं मिल पाई जिसकी यह हकदार है।
विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा, “कालपी केवल एक नगर नहीं बल्कि ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां व्यास मंदिर, सूर्य मंदिर सहित कई प्राचीन धरोहरें मौजूद हैं। यदि सरकार पर्यटन की दृष्टि से यहां योजनाबद्ध विकास कराए तो कालपी प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बना सकती है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और व्यापार को भी नई गति प्राप्त होगी।”
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से कालपी में सड़क, घाट, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटक सुविधाएं तथा धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया है।
विधायक और मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में कालपी नगर को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलने के साथ विकास की नई राह भी खुलेगी।