सास से मारपीट के मामले में बहू और बेटे पर मुकदमा दर्ज
बीच-बचाव करने पहुंचे पति को भी धक्का देकर दी जान से मारने की धमकी
कालपी/जालौन। कोतवाली कालपी पुलिस ने sास के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने के मामले में बहू और बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की विवेचना उपनिरीक्षक रामजीलाल को सौंपी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मंगरोल निवासी रामचंद्र द्विवेदी पुत्र राजेंद्र द्विवेदी ने कोतवाली कालपी में दी गई तहरीर में बताया कि 10 मई 2026 दिन रविवार को सुबह करीब 11 बजे उनकी बहू विद्या पत्नी शिवम द्विवेदी तथा पुत्र शिवम द्विवेदी ने उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
रामचंद्र द्विवेदी के अनुसार जब वह अपनी पत्नी को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी धक्का देकर अपमानित किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें आता देख दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित अपनी पत्नी को लेकर कोतवाली कालपी पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घायल महिला को महिला पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित बहू और बेटे के खिलाफ धारा 115(2), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।