uncategorized

फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कार्य अधूरा मिलने पर कार्रवाई तय — एसडीएम

 

साप्ताहिक बैठक में लेखपालों को कड़े निर्देश, बाढ़ चौकियां समय से स्थापित करने के आदेश

कालपी/जालौन, 12 मई। तहसील कालपी सभागार में मंगलवार को उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं तहसीलदार अभिनव तिवारी की उपस्थिति में राजस्व कर्मियों एवं लेखपालों की साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संबंधी विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने लेखपालों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने लेखपालों से कहा कि शासन स्तर से दिए गए कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से फार्मर रजिस्ट्री, जनगणना, रबी फसल पड़ताल एवं कंप्यूटर फीडिंग के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिस लेखपाल की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरा नहीं मिलेगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बरसात शुरू होने से पहले यमुना एवं बेतवा नदी में संभावित बाढ़ को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में पूर्व की भांति चौकियां स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें। एसडीएम ने कहा कि सभी लेखपाल अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और शासन की योजनाओं को समय से पूरा कराएं।

तहसीलदार अभिनव तिवारी ने बैठक में मौजूद लेखपालों से कहा कि प्रत्येक साप्ताहिक बैठक में कार्य लंबित होने की शिकायत सामने आती है, जो गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि सभी लेखपाल दिए गए कार्यों को अपनी जिम्मेदारी समझकर पूर्ण करें, जिससे अनावश्यक उत्पीड़नात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। तहसीलदार ने कहा कि विभागीय कार्यों में अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखना बेहद आवश्यक है।

बैठक में राजस्व निरीक्षक कुंवर हरेंद्र सिंह चौहान, प्रमोद द्विवेदी, राजेंद्र प्रसाद, सुरेश, सदर लेखपाल जितेंद्र सिंह सहित लेखपाल विभा, विद्यासागर, राहुल कुमार, राघवेंद्र, जितेंद्र सिंह राजपूत, जयपाल सिंह पाल, छविनाथ सिंह पाल, शिवमंगल पाठक, पल्लवी श्रीवास्तव, प्रिया सिंह चौहान समेत अन्य राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *