भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग सुन भावुक हुए श्रद्धालु
तीसरे दिन कथा पंडाल में गूंजे जयकारे, भक्ति रस में डूबे भक्त
कालपी/जालौन। ग्राम बीजापुर स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में चल रहे श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ एवं गया भोज कार्यक्रम के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालु पूरे समय कथा श्रवण में लीन दिखाई दिए।

कथावाचक सर्वेश दीक्षित महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि जब पृथ्वी पर अत्याचार और अधर्म बढ़ गया तब भगवान श्रीकृष्ण ने मथुरा में जन्म लेकर धर्म की स्थापना की। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनते ही पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में भावविभोर होकर झूमते नजर आए।
महाराज ने कहा कि भगवान का अवतार सदैव धर्म की रक्षा और भक्तों के कल्याण के लिए होता है। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में प्रेम, सेवा और सत्य का मार्ग अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के आयोजक परीक्षित दंपति शशि तिवारी एवं विनोद तिवारी ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी।