भगवान परशुराम जयंती पर कालपी में भव्य आयोजन, निकली आकर्षक शोभायात्रा
विप्र समाज को सदमार्ग पर चलने का संकेत,अक्षय तृतीया पर उमड़ा जनसैलाब
कालपी (जालौन)। रविवार को नगर में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विप्र समाज को सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई और श्रद्धा व उल्लास के साथ शोभायात्रा निकाली गई।

विदित हो कि भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है, जिसका उल्लेख पुराणों में मिलता है। उनके जन्म वर्ष का स्पष्ट प्रमाण भले ही उपलब्ध न हो, लेकिन मान्यता है कि उनका जन्म अक्षय तृतीया के दिन हुआ था। इसी आस्था के चलते विप्र समाज इस दिन को उत्साहपूर्वक मनाता है।
रविवार को अपराह्न 4 बजे ठक्कर बापा इंटर कॉलेज के हॉल में भगवान परशुराम जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जहां विधि-विधान से पूजन-अर्चना की गई। इस दौरान महामंडलेश्वर एवं बड़ा स्थान के महंत रामकरनदास ने उपस्थित जनसमूह को भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलने और सदमार्ग अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक बिनोद चतुर्वेदी ने कहा कि विप्र समाज प्राचीन काल से समाज को दिशा देने का कार्य करता आया है, लेकिन वर्तमान समय में समाज अपने मूल मार्ग से भटक रहा है, जिससे सामाजिक पतन हो रहा है। उन्होंने कहा कि विप्र समाज यदि अपने मूल सिद्धांतों पर लौटे, तभी वह अपना पुराना गौरव पुनः प्राप्त कर सकता है।
इस अवसर पर कैलाश स्वरूप वाजपेयी, ऋषभदेव महाराज, रामश्याम महाराज सहित अन्य वक्ताओं ने भी समाज को सही दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के उपरांत शाम 5 बजे भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो ठक्कर बापा इंटर कॉलेज से निकलकर टरननगंज, मुन्ना फुलपावर चौराहा, दुर्गा मंदिर, कोतवाली के सामने से होते हुए रामगंज, खोया मंडी मार्ग से नगर भ्रमण करती हुई पुनः कॉलेज परिसर में आकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में भगवान परशुराम सहित विभिन्न आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
शोभायात्रा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस आयोजन में विप्र समाज के साथ-साथ बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों की भी सहभागिता रही।
उक्त कार्यक्रम अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा रा के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें संगठन के जिला अध्यक्ष राजू पाठक, हरिश्चंद्र दीक्षित ‘बापू’, ब्रज गोपाल द्विवेदी, आर.एन. शुक्ला, मनोज पांडे,विवेक तिवारी, रविन्द्र श्रीवास्तव, दीपंकर गुप्ता ‘नेताजी’, कन्हैया गुप्ता, आनंद शर्मा, देवेंद्र गुप्ता, अमित पांडे, सुबोध द्विवेदी, रामकुमार तिवारी, पवनदीप निषाद (ग्राम प्रधान, कीरतपुर), पीयूष रायकवार सहित सर्व समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।