आंधी-तूफान से हाईवे पर गिरे पेड़, एसडीएम ने रात में टीम संग पहुंचकर हटवाए अवरोध
एसडीएम अमित शेखर ने हाईवे का किया निरीक्षण, गिरे पेड़ों को हटवाकर यातायात कराया सुचारु
कालपी (जालौन), 29 मई।
बीती रात आए तेज आंधी-तूफान के कारण कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर कई स्थानों पर पेड़ गिर जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी कालपी अमित शेखर प्रशासनिक एवं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। अधिकारियों की निगरानी में हाईवे पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया गया।

शुक्रवार को तहसील कैंपस कार्यालय में उप जिलाधिकारी अमित शेखर ने बताया कि जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय के निर्देश पर उन्होंने तहसीलदार अभिनव तिवारी, क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह, डीएफओ प्रदीप कुमार, प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी, चौकी प्रभारी विपिन यादव सहित पुलिस बल के साथ दुर्गा मंदिर हाईवे चौराहे से लेकर उसर गांव, आटा बस स्टॉप, टोल प्लाजा तथा संकट मोचन मंदिर क्षेत्र तक हाईवे मार्ग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर आंधी के कारण पेड़ सड़क पर गिरे मिले, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। प्रशासनिक टीम ने तत्काल जेसीबी एवं कर्मचारियों की मदद से पेड़ों को हटवाकर मार्ग को सुगम बनाया, जिससे वाहनों का आवागमन पुनः सामान्य हो सका।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर आंधी-तूफान से हुई क्षति का आकलन करें तथा जांच आख्या शीघ्र तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करें।