ट्रेन से पैर फिसलने पर अधेड़ की कटकर मौत, परिजनों में मचा कोहराम
कालपी रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा
कालपी (जालौन), 30 मई।
कालपी रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में अधेड़ व्यक्ति की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, चुना (50 वर्ष) पुत्र महबूब, निवासी मिर्जा मंडी, कालपी ट्रेन से सफर कर अपने घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि कालपी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे चौकी कालपी की उपनिरीक्षक संजना पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लोगों की मौजूदगी में पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय उरई भेज दिया।
मृतक का शव देखकर बिलख उठे परिजन
रेलवे पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन रेलवे स्टेशन पहुंच गए। परिवार के मुखिया को मृत अवस्था में देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। रेलवे पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।