एनएचएआई का अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, अस्थायी कब्जों पर कार्रवाई
सिक्सलेन निर्माण की तैयारी में जुटा प्रशासन, कालपी में हटाया गया अतिक्रमण
कालपी (जालौन)। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण 27 (एनएचएआई) द्वारा नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान लगातार गति पकड़ता जा रहा है। सोमवार को इस क्रम में ऐनुल हसन मंसूरी के मकान से लेकर अमलतास तिराहे तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी एवं श्रमिकों की मदद से अवैध कब्जों को हटवाया, जिससे मार्ग को सुचारु और चौड़ा बनाने का कार्य आगे बढ़ सके।

यह कार्रवाई प्रोजेक्ट हेड उत्तम सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई। मौके पर उरई बारा परियोजना प्रबंधक इंगलेश शर्मा, सीआरओ उपेंद्र सिंह एवं सीआरओ रोहित सिंह भी मौजूद रहे और उन्होंने पूरी कार्रवाई की निगरानी की। अधिकारियों ने बताया कि सिक्सलेन सड़क निर्माण परियोजना को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि भविष्य में निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
अभियान के तहत फिलहाल शुरुआती चरण में अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया जा रहा है, जिनमें दुकानों के बाहर रखे टीन शेड, ठेले, पटरी और अन्य अस्थायी ढांचे शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अगले चरण में नियमानुसार स्थायी निर्माणों के विरुद्ध भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
एनएचएआई अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की यह प्रक्रिया पूरी तरह नियमानुसार की जा रही है और प्रभावित लोगों को पूर्व में सूचना भी दी गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि विकास कार्य समय से पूर्ण हो सके और क्षेत्र में बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।