uncategorized

भयंकर आंधी-तूफान से ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही, हजारों पेड़ और विद्युत पोल गिरे

 

कालपी तहसील क्षेत्र में तूफान का कहर, मकानों को नुकसान और करोड़ों की क्षति का अनुमान

कालपी (जालौन), 29 मई।

बीती रात आए तेज आंधी-तूफान ने कालपी तहसील क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में भारी तबाही मचा दी। तूफान की वजह से हजारों पेड़, विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर तथा टीन शेड धराशायी हो गए, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। कई गांवों में घंटों तक बिजली व्यवस्था बाधित रही तथा लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

नगर कालपी के मोहल्ला राम चबूतरा निवासी समीर के मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से घर में रखा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। वहीं तेज हवाओं के कारण नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर टीन टप्पड़ उड़कर गिर पड़े।

आंधी-तूफान का सबसे अधिक असर कदौरा ब्लॉक के ग्राम इमलिया खुर्द, आटा, गुलौली, बरखेड़ा, बबीना, मरगाया, कठपुरवा, कस्बा कदौरा, बागी, चतेला, अकबरपुर और इटौरा सहित दर्जनों गांवों में देखने को मिला। इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ गए तथा विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर गिरने से करोड़ों रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

तूफान की भयावहता के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी रात दहशत और हाहाकार का माहौल बना रहा। जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी अमित शेखर ने तहसील क्षेत्र के समस्त लेखपालों को तत्काल अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का आकलन करने तथा विस्तृत जांच आख्या तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *