ईद-उल-अजहा पर गूंजा अमन और भाईचारे का पैगाम, हजारों नमाजियों ने मांगी मुल्क की खुशहाली की दुआ
डीएम-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, पुलिस बल रहा तैनात
कालपी (जालौन)।
धर्म नगरी कालपी एवं आसपास के क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पारंपरिक उल्लास, भाईचारे और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। नगर की शाही ईदगाह समेत आधा दर्जन मस्जिदों में हजारों नमाजियों ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क और कौम की तरक्की, अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआएं मांगीं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद पेश की।

गुरुवार सुबह से ही नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नए परिधानों में सजे लोग बड़ी संख्या में शाही ईदगाह और विभिन्न मस्जिदों की ओर नमाज अदा करने पहुंचे। शाही ईदगाह में शहर पेश इमाम मौलाना नजमुल हुदा की इमामत में नमाज अदा की गई, जिसमें 10 हजार से अधिक नमाजियों ने हिस्सा लिया। वहीं मखदूमिया मस्जिद में मौलाना जियाउद्दीन बरकाती, मुड़िया गुंबद मस्जिद में मौलाना साहिल, खजूर मस्जिद जुनेदपुरा में कारी अब्दुल समी, सैयदो वाली मस्जिद अदल सराय में हाफिज जीलानी तथा खानकाह शरीफ में मौलाना अशरफ अहमद बरकाती ने ईद की नमाज अदा कराई।
उलेमाओं ने अपनी तकरीरों में लोगों से सच्चाई, ईमानदारी, भाईचारा और इंसानियत के रास्ते पर चलने का आह्वान किया। मौलाना नजमुल हुदा ने कहा कि समाज में मेल-मुहब्बत और आपसी सौहार्द बनाए रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। वहीं निवर्तमान इमाम कारी शमशुद्दीन रहमानी ने बच्चों को शिक्षित एवं संस्कारवान बनाने पर जोर दिया।
नमाज के बाद अमर सिंह चंदेल, रश्मि पाल, बसपा नेता दीवान अतीक सिद्दीकी, परवेज कुरैशी एडवोकेट, आसिफ कुरैशी एडवोकेट, राजेश गौतम, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि जगजीवन अहिरवार, डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब कालपी तहसील अध्यक्ष सलीम अंसारी, अमित यादव सहित अनेक लोगों ने शाही ईदगाह पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।
इसके उपरांत लोगों ने प्राचीन कर्बला पहुंचकर अपने पूर्वजों की कब्रों पर फूल चढ़ाए और फातिहा पढ़ी। वहीं मोमिनों ने अपने-अपने घरों में जायज जानवरों की कुर्बानी अल्लाह की राह में पेश की।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम अमित शेखर, क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय वृम्ह तिवारी भारी पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे।