सीएचसी में गंदगी मिलने पर एसडीएम ने जताई नाराजगी, सुधार के दिए निर्देश
लू और गर्मी से पीड़ित मरीजों के बेहतर उपचार हेतु चिकित्सकों को किया सतर्क
कालपी (जालौन)।
उपजिलाधिकारी अमित शेखर ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भीषण गर्मी एवं लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए डॉक्टरों और कर्मचारियों को मरीजों के त्वरित एवं बेहतर उपचार के निर्देश दिए। वहीं अस्पताल परिसर में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने की हिदायत दी।

एसडीएम ने सीएचसी के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को निर्देशित किया कि गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों को समय पर समुचित इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने प्रयोगशाला एवं लैब का निरीक्षण करते हुए कहा कि जांच कराने आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक जांचें सीएचसी परिसर में ही सुनिश्चित कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने वैक्सीन और दवाइयों के रखरखाव की व्यवस्था को भी परखा। उन्होंने औषधि भंडारण कक्ष एवं वितरण कक्ष का निरीक्षण कर अभिलेखों से दवाइयों का मिलान किया। एसडीएम ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक हमेशा उपलब्ध रहना चाहिए।
चिकित्साधिकारी डॉ. आदर्श गौतम एवं कर्मचारी संतोष सोनी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से सीएचसी में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली गई। चिकित्सकों ने बताया कि डायरिया के मरीजों के लिए अलग वार्ड में बेड की व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में फैली गंदगी देखकर एसडीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।