हाई टेंशन लाइन में फॉल्ट से कालपी की बिजली आपूर्ति ठप
भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी, फॉल्ट ढूंढने में जुटीं विद्युत विभाग की टीमें
कालपी (जालौन)। भीषण गर्मी और लू के बीच बुधवार को हाई टेंशन लाइन में फॉल्ट आने से कालपी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 1 बजे आई इस तकनीकी खराबी के चलते पूरे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्युत प्रशिक्षण केंद्र सरसेला से कालपी विद्युत उपकेंद्र तक जाने वाली हाई टेंशन लाइन जंगल क्षेत्र से होकर गुजरती है। गर्मी के मौसम में तेज हवाओं और लू के कारण तारों के आपस में चिपकने से अक्सर फॉल्ट की समस्या उत्पन्न हो जाती है।
घटना की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र सिंह सचान के निर्देश पर विभागीय टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। इंजीनियर सत्य प्रकाश गौतम, नवीन सचान और अभिषेक धीर की टीमों को मौके पर भेजा गया, जो लाइन की पेट्रोलिंग कर फॉल्ट तलाशने में जुटी रहीं।
अधिकारियों ने बताया कि फॉल्ट मिलते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उधर, भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से पंखे और कूलर बंद हो गए, जिससे लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। नागरिकों को लंबे समय तक बिजली बहाली का इंतजार करना पड़ा, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।