जनगणना प्रशिक्षण का समापन, कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश
उप जिलाधिकारी ने कहा— समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत कार्य करें पूरा
कालपी (जालौन), 29 अप्रैल।
नगर के एमएसबी इंटर कॉलेज में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन किया गया। समापन अवसर पर उप जिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने प्रशिक्षण कक्षों का निरीक्षण करते हुए उपस्थित कर्मचारियों को जनगणना कार्य से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कई दिनों से चल रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। उप जिलाधिकारी ने प्रत्येक कक्षा में पहुंचकर प्रशिक्षण ले रहे कर्मियों से संवाद किया और उन्हें जनगणना कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर जनगणना कार्य को युद्ध स्तर पर शुरू करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ करना आवश्यक है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण समापन के बाद सैकड़ों कर्मचारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में कार्य प्रारंभ करने के लिए रवाना हुए। इस दौरान नायब तहसीलदार चंद्र मोहन शुक्ला, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, खुफिया तंत्र के इंस्पेक्टर एस.के. पटेल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।