ओवरब्रिज की क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत पूरी, आवागमन हुआ सुचारु
परियोजना प्रमुख उत्तम सिंह की निगरानी में कुशल इंजीनियरों ने दो दिन में पूरा किया कार्य
कालपी (जालौन)। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर मुन्ना फुलपावर चौराहा स्थित ओवरब्रिज की स्लैब का हिस्सा टूटकर गिरने की घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। दो दिन तक आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा परीक्षण के बाद ओवरब्रिज पर वाहनों का आवागमन पुनः सुचारु कर दिया गया है।

गौरतलब है कि गत बुधवार सुबह ओवरब्रिज की स्लैब का एक हिस्सा नीचे सड़क पर गिर गया था। हालांकि उस समय वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद एनएचएआई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तकनीकी टीम को मौके पर भेजा था। जांच में पुल की समग्र संरचना सुरक्षित पाई गई थी, जबकि केवल प्रभावित हिस्से की मरम्मत की आवश्यकता बताई गई थी।
इसके बाद एहतियातन क्षतिग्रस्त भाग से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी तथा ओवरब्रिज के ऊपर और नीचे बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। परियोजना प्रमुख उत्तम सिंह की देखरेख में कुशल इंजीनियरों की टीम ने लगातार कार्य करते हुए मरम्मत का कार्य निर्धारित समय में पूरा कर लिया।
एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार मरम्मत कार्य के साथ-साथ आवश्यक तकनीकी परीक्षण भी किए गए, जिसके बाद ओवरब्रिज को पूरी तरह सुरक्षित मानते हुए यातायात के लिए खोल दिया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों और हाईवे से गुजरने वाले यात्रियों को राहत मिली है। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ओवरब्रिज की नियमित निगरानी और रखरखाव जारी रखा जाएगा, ताकि यातायात सुरक्षित एवं निर्बाध बना रहे।