uncategorized

कालपी तहसील क्षेत्र में भीषण आग, एक किलोमीटर क्षेत्र में फैली लपटें बागवानी और भूसा जलकर खाक, फसल कटने से टला बड़ा नुकसान

कालपी (जालौन)। तहसील क्षेत्र के महेवा ब्लॉक अंतर्गत कीरतपुर मौजा व देवकली के सिपाहा मौजा में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से खाली पड़े खेतों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग 1 किलोमीटर क्षेत्र में फैल गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों के अनुसार आग लगने की घटना करीब दोपहर 1:30 बजे हुई और लगातार बढ़ती रही। सूचना दिए जाने के बावजूद अग्निशमन वाहन करीब 3:30 बजे मौके पर पहुंचा, तब तक आग बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

देवकली ग्राम प्रधान बाल सिंह निषाद ने बताया कि उन्होंने घटना के लगभग एक घंटे पहले ही अग्निशमन विभाग को फोन कर दिया था, लेकिन वाहन उपलब्ध न होने के कारण समय पर मदद नहीं मिल सकी।

इस आगजनी में हीरापुर निवासी राजू निषाद का लगभग 5 से 6 क्विंटल भूसा जलकर राख हो गया। वहीं भवानी दीन की बगिया, जिसमें कटहल, अमरूद और सब्जियों की बागवानी थी, पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व प्रधान उमाशंकर निषाद, मानसिंह अहिरवार, सुरेश अहिरवार, अनु निषाद, हरदेव निषाद और संदीप प्रणामी सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।

फिलहाल अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। राहत की बात यह रही कि अधिकांश फसलें पहले ही कट चुकी थीं और खेत खाली पड़े थे, जिससे फसलों को कोई विशेष नुकसान नहीं हुआ और बड़ा नुकसान टल गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से आग लगने के कारणों की जांच कराने तथा पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *