uncategorized

कालपी में जनगणना प्रशिक्षण का पहला चरण संपन्न, 300 कार्मिकों ने ली गोपनीयता की शपथ

 

1 मई से शुरू होगी जनगणना का प्रथम चरण, गुरुवार से दूसरे बैच का प्रशिक्षण आरंभ

कालपी (जालौन)। जनगणना 2026 की तैयारियों के तहत जनगणना कार्मिकों के प्रथम बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी कार्मिकों और प्रगणकों को नैतिकता, निष्पक्षता तथा गोपनीयता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनगणना का प्रथम चरण आगामी 1 मई से शुरू होगा, जिसमें मकानों की सूचीबद्धता एवं गणना का कार्य किया जाएगा। इसी के मद्देनजर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। पहले चरण के इस प्रशिक्षण में लगभग 300 कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया।

समापन सत्र में प्रशिक्षकों ने कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे जनगणना के दौरान सौम्य एवं सरल व्यवहार रखें तथा सभी नियमों का पालन करते हुए कार्य को पूर्ण निष्पक्षता के साथ संपादित करें। मास्टर ट्रेनर एवं नायब तहसीलदार चन्द्र मोहन शुक्ला ने बताया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसमें एकत्र की जाने वाली सूचनाएं अत्यंत गोपनीय होती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण का दूसरा बैच गुरुवार से शुरू होगा, जिसका समापन 25 अप्रैल को किया जाएगा। प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *