Breaking News
uncategorized

जनसुनवाई में खुली नई सड़क की पोल, जांच में मिले गड्ढे

 

इन्द्रानगर की सड़क पर उठे गुणवत्ता के सवाल, ठेकेदार को 7 दिन में मरम्मत का अल्टीमेटम

कालपी (जालौन)। नगर पालिका परिषद कालपी द्वारा मोहल्ला इन्द्रानगर में निर्मित सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के बाद कराई गई स्थलीय जांच में सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे पाए गए, जिसके बाद नगर पालिका ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर सड़क की आवश्यक मरम्मत कर उसे गुणवत्तापूर्ण स्थिति में दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

मोहल्ला गणेशगंज निवासी आदित्य नगाइच पुत्र संजीव नगाइच ने जनसुनवाई संदर्भ संख्या 40016526009687 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि इन्द्रानगर में निर्मित सड़क मानकविहीन है तथा निर्माण के कुछ समय बाद ही उसमें गड्ढे उभर आए हैं। शिकायत के संज्ञान में आने के बाद नगर पालिका परिषद कालपी के अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाई गई और सड़क के विभिन्न हिस्सों में गड्ढे पाए गए।

अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद कालपी की ओर से संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर सड़क की मरम्मत कर कार्य पूर्ण होने की लिखित सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा न होने पर संबंधित ठेकेदार की जमानत धनराशि जब्त करते हुए उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई के माध्यम से सामने आई इस शिकायत ने एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि ठेकेदार निर्धारित समय सीमा में सड़क को दुरुस्त करता है या फिर उसके खिलाफ कार्रवाई होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *