uncategorized

फोटो वायरल कर शादी तुड़वाने का आरोप, युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

 

धमकी व आर्थिक शोषण का भी आरोप, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

 

कालपी (जालौन), 29 अप्रैल।

नगर में एक युवती की शादी तुड़वाने और उसकी निजी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी हाल ही में कानपुर निवासी युवक से तय हुई थी। आरोप है कि मोहल्ले के ही एक युवक के पास उसकी कुछ निजी तस्वीरें थीं, जिन्हें उसने होने वाले पति को भेज दिया, जिससे शादी टूट गई। इतना ही नहीं, आरोपी ने इन तस्वीरों को रिश्तेदारों तक भेजने और सार्वजनिक करने की धमकी भी दी।

पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी उस पर दबाव बनाकर आर्थिक शोषण कर रहा था और धमकी दे रहा था कि यदि उसने शादी की तो उसके भाई को जान से मरवा देगा। लगातार मिल रही धमकियों और बदनामी से परेशान होकर युवती ने पुलिस की शरण ली।

कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *