uncategorized

समाधान दिवस अव्यवस्था की भेंट, अधिकारी गायब—फरियादी मायूस लौटे

 

होमगार्ड भर्ती ड्यूटी के चलते नहीं हुआ निस्तारण, औपचारिक सुनवाई कर टाली गईं शिकायतें

 

कालपी (जालौन), 25 अप्रैल।

कोतवाली कालपी में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया। माह के चतुर्थ शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में जमीन संबंधी शिकायतों का निस्तारण होना था, लेकिन जनपद में चल रही होमगार्ड भर्ती परीक्षा के चलते अधिकांश प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी वहां लगने से समाधान दिवस प्रभावहीन साबित हुआ।

नामित अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण उनकी कुर्सी खाली पड़ी रही, जबकि प्रभारी निरीक्षक ने भी बैठक में बैठना उचित नहीं समझा। ऐसे में उप निरीक्षक पुत्तूलाल यादव ने औपचारिक रूप से शिकायतें सुनीं। फरियादी समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, लेकिन अधिकांश को निराशा हाथ लगी। कुछ शिकायतों को न्यायालय में विचाराधीन बताकर टाल दिया गया, जबकि केवल एक-दो मामलों में ही हल्की कार्रवाई हो सकी।

टरननगंज निवासी अंकित पाठक व उदनपुरा के रामसनेही निषाद ने बताया कि उन्होंने जमीन कब्जे से संबंधित शिकायत दी थी, लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। वहीं ग्राम देवकली निवासी प्रताप सिंह, राजेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हीरापुर यमुना क्षेत्र में एक ठेकेदार द्वारा अवैध रूप से आराजी भूमि पर कब्जा कर ट्रकों का संचालन कराया जा रहा है, जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की, लेकिन इस पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इस दौरान कानूनगो हरेंद्र सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक उदय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र, उप निरीक्षक ओंकार सिंह, विद्युत विभाग के अवर अभियंता सत्य प्रकाश व नवीन कुमार, पालिका लिपिक सरफराज खान, लेखपाल जितेंद्र सिंह समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

समाधान दिवस में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर फरियादियों में खासा रोष देखा गया और वे बिना समाधान के ही लौटने को मजबूर हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *