राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सेवा भारती के तत्वाधान में लगा हेल्थ कैंप, मुफ्त दवाइयों का वितरण
उदनपुरा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन,55 मरीजों का हुआ निशुल्क उपचार
कालपी (जालौन)। नगर के मुहल्ला उदनपुरा वार्ड में मंगलवार को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सेवा भारती के तत्वावधान में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी के डॉक्टर शेख शहरयार ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक परामर्श के साथ उपचार प्रदान किया। इस दौरान मरीजों को मुफ्त दवाइयों का भी वितरण किया गया। शिविर में सामान्य बुखार, खांसी-जुकाम, ब्लड प्रेशर सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह प्रदीप मेहरोत्रा, नगर संघ चालक शिव सिंह राठौर एवं नगर संयोजक हर्ष विश्नोई सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और समाज में सेवा भाव को बढ़ावा देना है। शिविर में कुल 55 मरीजों का उपचार किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में संतोष और उत्साह देखने को मिला।