कालपी में अवैध स्कूलों पर प्रशासन सख्त
महंगी किताबों के खेल पर भी नजर, अभिभावकों के शोषण पर लगेगी रोक
कालपी (जालौन)। क्षेत्र में गैर मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने स्पष्ट किया है कि ऐसे विद्यालयों पर लगातार नजर रखी जा रही है और शासन की मंशा के विपरीत कार्य करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने बताया कि जिन विद्यालयों की मान्यता संदिग्ध है या समाप्त हो चुकी है, उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते दिन प्रशासन ने महेबा और आटा क्षेत्र में अभियान चलाकर 5 गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को सीज कर दिया था, जिससे अन्य स्कूल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के नाम पर अभिभावकों का आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई स्कूल बच्चों के प्रवेश के समय किताबों की सूची देकर अभिभावकों को एक निश्चित दुकान से ही महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर करते हैं। इस प्रकार की शिकायतों की गुप्त जांच कराई जा रही है।
एसडीएम ने चेतावनी दी कि जांच में दोषी पाए जाने वाले विद्यालयों और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और बच्चों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके।