कोतवाली कालपी का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि
अपराध होने पर प्रभारी निरीक्षक की होगी जिम्मेदारी—एसपी विनय कुमार सिंह
कालपी (जालौन), 27 अप्रैल। नवागंतुक पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने रविवार शाम कोतवाली कालपी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने पुलिस कर्मियों की सराहना की, वहीं अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश भी दिए।

एसपी ने कोतवाली परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर मिलने पर उन्होंने प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी का हौसला बढ़ाया। इसके बाद कार्यालय में पहुंचकर अभिलेखों के रखरखाव की जांच की, जिसमें अधिकांश कार्य संतोषजनक पाया गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी कंप्यूटर कक्ष में भी पहुंचे, जहां उन्होंने कंप्यूटर ऑपरेटर दीपेंद्र मिश्रा से आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण के बारे में जानकारी ली। मिश्रा ने बताया कि प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण कर जांच आख्या समय से उरई भेजना उनकी प्राथमिकता है और वर्तमान में कोई शिकायत लंबित नहीं है। इस पर एसपी ने संतोष व्यक्त किया।
हालांकि निरीक्षण के दौरान कुछ छोटी त्रुटियां भी सामने आईं, जिन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान एसपी ने प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया कि नगर एवं क्षेत्र में समय से पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाए और स्वयं भी लगातार भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि क्षेत्र में कोई अपराध घटित होता है तो इसकी जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक की होगी।
इस दौरान वरिष्ठ उप निरीक्षक उदय प्रताप सिंह, उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह भदौरिया, उप निरीक्षक ओंकार सिंह, दीवान लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, कंप्यूटर ऑपरेटर शैलेंद्र सिंह, दीपेंद्र मिश्रा, आशीष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।