uncategorized

ग्रामीण छात्रों का शानदार प्रदर्शन, महेवा के विद्यालय का हाईस्कूल परिणाम शत-प्रतिशत

 

किसान परिवारों के बच्चों ने 90% तक अंक लाकर बढ़ाया मान, बिना कोचिंग हासिल की सफलता

महेवा (जालौन)।

जनपद के पिछड़े विकासखंड महेवा में भी इस बार हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। स्वर्गीय शिववाल सिंह स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजबहादुर राठौर ने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय के कुल 54 छात्र शामिल हुए थे और सभी छात्र सफल रहे। छात्रों ने 80% से लेकर 90% से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

नूरपुर निवासी किसान रमाकांत के पुत्र राहुल सिंह ने 90.16% अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके पिता गुजरात में एक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं, जबकि माता मीना देवी गृहणी हैं। राहुल ने बताया कि उसने बिना किसी कोचिंग के यह सफलता हासिल की है।

इसी क्रम में सीकरी रहमानपुर निवासी राम सिंह के पुत्र राघवेंद्र सिंह ने 89.45% अंक प्राप्त कर परिवार का मान बढ़ाया। महेवा निवासी किसान राम नरेश सिंह के पुत्र भविष्य सिंह ने 88.89% अंक हासिल कर भविष्य में अधिकारी बनने का लक्ष्य बताया।

वहीं, गोरा कला निवासी धर्मेंद्र सिंह की पुत्री कुमारी सौम्या ने 87.36% अंक प्राप्त किए। सौम्या ने बताया कि घर पर कोचिंग की कोई व्यवस्था नहीं थी और उसने विद्यालय में शिक्षकों द्वारा दी गई शिक्षा के आधार पर ही यह सफलता पाई। उनकी माता चमेली देवी ने खुशी में मोहल्ले में मिठाई बांटकर बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन छात्रों एवं उनके अभिभावकों का विद्यालय के शिक्षकों ने फूल-माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया। गांव व क्षेत्र में भी इन छात्रों को बधाइयां दी जा रही हैं।

ग्रामीण क्षेत्र के इन छात्रों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की कमी के बावजूद मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *