भीषण गर्मी को लेकर सतर्क प्रशासन, एसीएमओ ने सीएचसी कालपी का किया औचक निरीक्षण
अस्पताल में कूलर-पंखे, दवाओं का स्टॉक और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
कालपी (जालौन), 30 अप्रैल। भीषण गर्मी के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरविंद भूषण ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने पर अधीक्षक डॉ. दिनेश बर्दिया ने उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान एसीएमओ ने अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया और निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं की जानकारी मरीजों तक पहुंचाई जाए तथा उन्हें उनका लाभ दिलाया जाए।
उन्होंने जिन कक्षों में कूलर और पंखे नहीं पाए गए, वहां तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर नियमित साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया।
दवाकक्ष काउंटर की जांच के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हमेशा उपलब्ध रहे, ताकि मरीजों को समय पर दवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए अस्पताल आने वाले मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस मौके पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल सचान, डॉ. शेख, डॉ. आदर्श गौतम, दंत चिकित्सक रोहित सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रूबी सिंह, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. गरिमा सचान, चीफ फार्मासिस्ट वीरेंद्र कुमार, फार्मासिस्ट कुलदीप सचान, विनोद सचान, अशोक कुमार, प्रदीप कुमार, राम सजीवन गुप्ता, संतोष सोनी, रितिक एवं गया प्रसाद सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।