घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला, 7 नामजद आरोपियों पर मुकदमा

जमीन विवाद में लाठी-डंडों से मारपीट, महिलाओं समेत कई घायल
कालपी (जालौन)। कोतवाली कालपी क्षेत्र के ग्राम मैनुपुर में जमीन विवाद को लेकर एक परिवार पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित छोटे पुत्र ऊदल निवासी ग्राम मैनुपुर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने घर पर बच्चों के साथ मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही वीरेन्द्र, लवकुश, किशन समेत अन्य आरोपी अवैध हथियार, लाठी-डंडा व कुल्हाड़ी लेकर घर में घुस आए और हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पीड़ित, उसकी पत्नी, पुत्र-पुत्रियों के साथ जमकर मारपीट की, जिससे सभी को गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां से कुछ को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों से उसका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और उसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने और गांव छोड़ने की धमकी भी दी है।
कोतवाली पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर उपनिरीक्षक रामजी लाल को जांच सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।