उपजिलाधिकारी व नायब तहसीलदार ने 36 प्रधानमंत्री आवासों का किया निरीक्षण, पहली किस्त से निर्माण तेज करने के निर्देश
लाभार्थियों को चेतावनी—आवास राशि का दुरुपयोग हुआ तो होगी सख्त कार्रवाई, बिचौलियों से रहें सावधान
कालपी (जालौन), 1 मई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को दी गई प्रथम किस्त के उपयोग की हकीकत परखने के लिए शुक्रवार को उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह एवं नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने सदर लेखपाल जितेंद्र सिंह के साथ नगर के विभिन्न मोहल्लों में निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग तीन दर्जन निर्माणाधीन आवासों का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने टरननगंज, आलमपुर, तरीबुल्दा आदि मोहल्लों में पहुंचकर लाभार्थियों से बातचीत की और स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त प्रथम किस्त की धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग आवास निर्माण में ही किया जाए, जिससे समय पर दूसरी किस्त जारी हो सके। निरीक्षण में कुछ आवासों का निर्माण पूर्ण पाया गया, जबकि कई स्थानों पर कार्य प्रगति पर मिला।
उपजिलाधिकारी ने लाभार्थियों को सचेत करते हुए कहा कि आवास योजना के तहत किसी भी प्रकार का पैसा किसी को न दें और बिचौलियों से दूरी बनाए रखें। उन्होंने बताया कि दूसरी किस्त की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खाते में आएगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी लाभार्थी द्वारा धनराशि का दुरुपयोग किया गया या निर्माण कार्य नहीं कराया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।