उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का पहला स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया
बैंक कर्मियों व ग्राहकों ने केक काटकर मनाया जश्न, सुविधाओं में सुधार का दावा
कालपी-जालौन, 1 मई।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का पहला स्थापना दिवस नगर की कागजीपुरा शाखा में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों ने ग्राहकों के साथ मिलकर केक काटा और एक वर्ष के सफल कार्यकाल का जश्न मनाया।

ज्ञात हो कि गत वर्ष 1 मई को रिजर्व बैंक के निर्देश पर आर्यावर्त बैंक, यूपी बड़ौदा ग्रामीण बैंक तथा प्रथमा ग्रामीण बैंक का विलय कर “उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक” का गठन किया गया था। स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होने पर इस उपलब्धि को विशेष रूप से मनाया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक प्रबंधक विकास यादव ने किया। उन्होंने बताया कि अब प्रदेश में एक ही ग्रामीण बैंक संचालित है, जिसकी सबसे अधिक शाखाएं हैं। बैंक के विलय के बाद कार्यप्रणाली में सुधार हुआ है और व्यापार में भी वृद्धि देखने को मिली है।
उन्होंने कहा कि अब इस बैंक में भी नेट बैंकिंग सहित वे सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों में मिलती हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी वर्ष में बैंक की सेवाओं में और अधिक सुधार होगा।
सहायक प्रबंधक ने आम लोगों से बैंक से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में बैंकिंग क्षेत्र में और अधिक बदलाव देखने को मिलेंगे।
इस मौके पर दमरास बैंक के शाखा प्रबंधक सौरभ पुरवार, बैंक कर्मचारी गुलजार, छोटे सहित बड़ी संख्या में ग्राहक मौजूद रहे।